बबला तो RSS के पुराने स्वयंसेवक निकले: भाजपा में शामिल होकर बोले- मैं था तो कांग्रेस में पर दिल कहीं और था, जानिए क्या-क्या कहा BJP ऑफिस में

देवेंद्र सिंह बबला व उनकी पत्नी हरप्रीत कौर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा सांसद किरण खेर की उपस्थिति में थामा भाजपा का दामन

CHANDIGARH: जैसा कि हमने कल ही बता दिया था, आज वही हुआ। चंडीगढ़ नगर निगम में विपक्ष के निवर्तमान नेता एवं चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष तथा शहर में दबंग नेता के रूप में पहचाने जाने वाले देवेंद्र सिंह बबला ने आज अपनी पत्नी नवनिर्वाचित पार्षद हरप्रीत कौर बबला के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इससे पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने बबला को अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज भाजपा कार्यालय कमलम में बबला दंपत्ति को भाजपा में शामिल करवाया। इस अवसर पर सांसद किरण खेर, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन , पूर्व मेंयर रविकांत शर्मा , पार्टी प्रवक्ता कैलाश चंद जैन सहित कई पदाधिकारी व अनेक पार्षद उपस्थित रहे। इस ताजा सियासी घटनाक्रम के बाद यह तय हो गया है कि अब हरप्रीत कौर बबला ही भाजपा (BJP) से मेयर पद की उम्मीदवार होंगी। ANews Office ने कल रात ही इस संबंध में बता दिया था।

हरप्रीत कौर होंगी BJP से मेयर पद की उम्मीदवार !

बबला दंपत्ति के भाजपा में शामिल होने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बबला दम्पति का पार्टी में स्वागत किया तथा कहा कि बबला के आने से पार्टी मजबूत होगी और पार्टी को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की राजधानी होने के नाते चंडीगढ़ के लोगों की नजर हरियाणा सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर रहती है तथा पार्टी की उपलब्धियों को देखते हुए लोग पार्टी की तरफ आकर्षित हो रहे हैं । उन्होंने कहा कि बबला दंपत्ति आज से पार्टी के कार्यकर्ता हो गए हैं तथा उन्हें प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के समकक्ष सम्मान मिलेगा ।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने भी बबला दंपति का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देवेंद्र सिंह बबला औऱ हरप्रीत कौर बबला ने बिना किसी शर्त के भाजपा को समर्थन दिया है तथा भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का रुख हमेशा से स्पष्ट है कि नगर निगम में भाजपा किसी भी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी। उन्होंने चंड़ीगढ़ के जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे चंडीगढ़ के विकास के लिए, चंडीगढ़ में स्थाई नगर निगम प्रशासन देने के लिए, चंडीगढ़ के हितों के लिए व चंडीगढ़ व केंद्र सरकार में बेहतर तालमेल के मद्देनजर चंडीगढ़ के विकास के लिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा को समर्थन दें।

शहर की सांसद किरण खेर ने भी बबला दंपति का स्वागत करते कहा कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। क्षमता के अनुरूप कार्य दिए जाएंगे । तुसां साड्डे वेहड़े आये तुहाड्डा स्वागत है।

पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि बबला अपने आप में एक ब्रांड हैं। हरप्रीत कौर बबला की जीत कांग्रेस पार्टी की जीत नहीं थी, बल्कि बबला की अपनी जीत थी। उन्होंने शहर के विकास को गति देने के लिए भाजपा को चुना है तथा पार्टी ज्वाइन की है। उनके आने से पार्टी सुदृढ़ हो गई। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह बबला ने कहा कि वे बचपन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा में जाते रहे हैं तथा आज उनकी ज्वाइनिंग को घर वापसी कहा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वे भले ही कांग्रेस पार्टी में थे लेकिन उनका दिल कहीं और था। कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में परिवारवाद हावी हो गया है। उन्होंने कहा कि मेयर चुनाव के लिए सबसे ज्यादा हॉर्स ट्रेडिंग आम आदमी पार्टी पार्टी द्वारा की जा रही है। उन्होंने महसूस किया है कि उनकी विचारधारा और भाजपा की विचारधारा मेल खाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मेयर तो हम बनाएंगे ही पार्टी को मजबूत भी करेंगे। आम आदमी पार्टी चंद महीनों में ही एक्सपोज होने वाली है। उन्होंने अन्य पार्षदों से भी आह्वान किया कि अगर शहर की बेहतरी चाहते हैं तो भाजपा के साथ जुड़ जाइए। इस अवसर पर हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता व नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा ज्वाइन की है तथा भाजपा शासित नगर निगम द्वारा शुरू किए गए सभी विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगी। उनके लिए शहर का विकास ही सर्वोपरि है।

error: Content can\\\'t be selected!!