चंडीगढ़ की सियासत में AAP का एक और धमाकाः पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन भी आम आदमी पार्टी के लिए उतरेंगे मैदान में

CHANDIGARH: शहर में लगातार अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) को आज एक और बड़ा, अहम व कद्दावर चेहरा मिल गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन तीन महीने बाद होने जा रहे चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में एक बार फिर आम आदमी पार्टी के साथ नजर आएंगे। आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा के साथ थोड़ी देर पहले हुई मीटिंग में धवन ने निगम चुनाव में खुलकर आम आदमी पार्टी के लिए काम करने पर सहमति दे दी है। इसके बाद माना जा रहा है कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी आने वाले दिनों में और ज्यादा मजबूती के साथ उभरेगी।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन पिछले लोकसभा चुनाव के मौके पर भाजपा को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे तथा आम आदमी पार्टी के टिकट पर चंडीगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। यह बात अलग है कि इस चुनाव में धवन को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से हरमोहन धवन ने शहर की सियासी गतिविधियों से खुद को अलग कर लिया था। अब नगर निगम चुनाव के मौके पर माना जा रहा था कि धवन अपने चंडीगढ़ विकास मंच को सक्रिय कर दूसरी पार्टियों को चुनौती दे सकते हैं लेकिन उन्होंने आम आदमी पार्टी भी नहीं छोड़ी थी और वेट एंड वॉच की स्थिति में थे।

अब जब पिछले दिनों पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटने के बाद पार्टी में बने विषम हालात के मद्देनजर कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी पार्टी ज्वाइन कर ली तो शहर में हाशिए पर पड़ी आम आदमी पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हो गया। इसको देखते हुए आम आदमी पार्टी ने प्रदीप छाबड़ा को पार्टी का सह प्रभारी जैसा बड़ा पद देकर उन्हें चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव जिताने की बड़ी जिम्मेदारी भी दे दी। इसी के साथ छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस से दर्जनों नेता व कार्यकर्ता इस्तीफे देकर आम आदमी पार्टी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इससे आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में लगातार मजबूती मिल रही है। इसको लेकर विरोधियों, खास तौर से कांग्रेस में बेचैनी का आलम भी देखा जा रहा है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा की आज पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के साथ हुई बैठक ने भी शहर की सियासत में धमाका कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में धवन ने नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने पर सहमति दे दी है। इसके बाद यह अब साफ हो गया है कि धवन अब अपने चंडीगढ़ विकास मंच को सक्रिय करने के बजाय निगम चुनाव के लिए शहर में आम आदमी पार्टी को ही मजबूती देंगे। हालांकि अभी हरमोहन धवन या आम आदमी पार्टी की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन सूत्रों का कहना है कि धवन कल आम आदमी पार्टी के नेताओं की मौजूदगी में एक प्रेस कांफ्रैंस करके अपने इस समर्थन का ऐलान करेंगे। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक इस प्रेस कांफ्रैंस में आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा, चंडीगढ़ के संयोजक प्रेम गर्ग व नगर निगम चुनाव की प्रचार समिति के चेयरमैन चंद्रमुखी शर्मा भी इस मौके पर उपस्थित रहेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!