फिर पलटवारः निगमायुक्त के बचाव में उतरी कांग्रेस, भाजपा को ही भ्रष्टाचार में लपेटा

CHANDIGARH: मंगलवार को नगर निगम सदन की वर्चुअल मीटिंग स्थगित होने के बाद शहर की सियासत ठंडी होने का नाम नहीं रही है। भाजपा और कांग्रेस के बीच वार-पलटवार का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा जहां कांग्रेस के साथ नगर निगम आयुक्त पर हमलावर है, वहीं कांग्रेस निगमायुक्त के बचाव में उतरकर जन मुद्दों पर भाजपा को घेरने में जुटी है। कल भाजपा ने निगमायुक्त पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था तो आज कांग्रेस ने भाजपा को ही भ्रष्टाचार में लपेटते हुए सीधे-सीधे चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद को निशाने पर ले लिया।

अधिकारियों पर आरोप लगाने से पहले अरुण सूद व भाजपा पार्षद अपने गिरेबान में झांकेें

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला, पार्षद शीलाफूल सिंह, सतीश केंथ, गुरबख्श रावत, रूपिंदर गुजराल ने आज एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने से पहले अरुण सूद व उनके पार्षद अपने गिरेबान में झांकें। अरुण सूद ये बताएं कि उनके एरिया के कम्युनिटी सेंटर में लगे महंगे झूमर को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप किस पर लगा था ? पार्षदों व अधिकारियों के टूर में किसके नजदीकी रिश्तेदारों के टिकटों का आरोप लगा था ? पार्षद भरत कुमार, दलीप कुमार व डिप्टी मेयर जगतार सिंह जग्गा पर किस तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे ? किस नेता की ऑडियो व किसकी वीडियो वायरल हुई थी ?

अपनी पार्टी की गुटबाजी का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ना बंद करें सूद

कांग्रेस नेताओं ने बयान में कहा कि अरुण सूद अपनी पार्टी की गुटबाजी का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ना बंद करें। उन्होंने कहा कि मेयर राजबाला मलिक अगर अपनी पार्टी के अध्यक्ष व पार्षदों की बात नहीं सुनतीं, जोकि जगजाहिर है तो उसकी खुन्नस अधिकारियों पर निकाल कर अरुण सूद व उनके पार्षद अपनी नाकामियों को छिपा नहीं सकते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिना बजट प्रावधान के गांवों को नगर निगम में शामिल करने फैसला किसका था ? आज दर-दर भटक रहे वेंडर्स का जिम्मेदार कौन है ? शहर की दुर्दशा का जिम्मेदार कौन है ? टैक्सों व बिजली/पानी की दरों में बढ़ोतरी का एजेंडा लाने व पास करने वाले कौन हैं ? केंद्र से बजट लाने में सांसद किरण खेर की नाकामी के जिम्मेदार क्या निगम कमिश्नर व अधिकारी हैं ? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज केंद्र से लेकर चंडीगढ़ नगर निगम में पूर्ण बहुमत में जो पार्टी है, वो कहे कि निगम कमिश्नर व अधिकारी उनकी सुनते नहीं हैं व मनमानी करते हैं तो ऐसी बातों से बीजेपी के नेता केवल अपनी जगहंसाई के पात्र बनकर रह गए हैं।

कल का भाजपा का बयान पढ़ेंः निगमायुक्त पर भाजपा का हमला जारी, अब भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का लगाया आरोप

error: Content can\\\'t be selected!!