आचार्य कुल संस्था चंडीगढ़ ने मनाई संत विनोबा भावे की 129वीं जयंती

युग प्रवर्तक आचार्य विनोबा भावे के महान कृत्यों से आज की युवा पीढ़ी को अवगत कराना बहुत जरूरी: केके शारदा

CHANDIGARH, 11 SEPTEMBER: आचार्य कुल संस्था चंडीगढ़ ने आज भारत रत्न आचार्य संत विनोबा भावे की 129वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर आचार्य कुल संस्था के सदस्यों की एक बैठक बुलाकर संत विनोबा भावे को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगीतज्ञ सुमेश गुप्ता ने संत विनोबा भावे पर एक भजन प्रस्तुत करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष केके शारदा ने बताया कि युग प्रवर्तक महान भूदान आंदोलन के प्रणेता आचार्य संत विनोबा भावे के देश के प्रति समर्पण भाव और समाज के निम्न वर्ग के आर्थिक प्रोत्साहन के लिए किए गए महान कृत्यों से आज की युवा पीढ़ी को अवगत कराना बहुत जरूरी है। इसी मनोभाव से संस्था ने चंडीगढ़ के सभी स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों की कलम से निकली आचार्य संत विनोबा भावे को समर्पित कविताओं का संकलन प्रकाशित करवाया है, जिसका संपादन वरिष्ठ कवि प्रेम विज, प्रख्यात कवियत्री डॉ. प्रज्ञा शारदा और डा. अनीश गर्ग ने किया है।

संस्था के सचिव तेजिंदर बिट्टू ने बताया कि आने वाले दिनों में इस सांझा संकलन का विमोचन भव्य तरीके से किया जाएगा। संस्था का प्रयास रहेगा कि इस पुस्तक का विमोचन पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के हाथों कराया जाए। इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर अशोक भंडारी नादिर, दीपक चनारथल, सुभाष भास्कर, पिंकी कौर, डेजी बेदी, संगीता शर्मा कुंद्रा, राजेश गणेश, बलबीर तन्हा, कृष्ण मेहरा, सुखचैन सिंह आदि उपस्थित रहे। वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही संत विनोबा भावे के जीवन दर्शन से सभी को अवगत करवाया।

error: Content can\\\'t be selected!!