आम आदमी पार्टी ने मेहता दंपत्ति के घर के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन, वार्ड के लोगों से की सामाजिक बहिष्कार की अपील

AAP नेता बोले- स्वार्थी, बेईमान व गद्दार है मेहता दंपत्ति

CHANDIGARH, 28 MAY: करीब डेढ़ साल पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर पार्षद चुनी गईं तरुणा मेहता व उनके पति यादविंदर मेहता द्वारा AAP को छोड़कर कल रात कांग्रेस ज्वाइन कर लेने से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मेहता दंपत्ति पर बिफर पड़े हैं। AAP नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आज सेक्टर-30 स्थित मेहता दंपत्ति के घर के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए, ‘तरुणा मेहता क्यों पैसा-पैसा करती है, पैसे पे क्यों मरती है।’ इस दौरान AAP नेताओं व कार्यकर्ताओं, जिनमें पार्टी के पार्षद भी शामिल थे, ने ‘धोखेबाज मेहता दंपत्ति’, ‘गद्दार मेहता दंपत्ति’ नारे लिखी तख्तियां भी हाथों में उठाई हुई थीं।

इस दौरान AAP नेताओं ने कहा कि मेहता दंपत्ति आम जनता के बीच आकर बताए कि उन्होंने चोरों की तरह रात के अंधेरे में कांग्रेस क्यों ज्वाइन की, क्या दिन में कांग्रेस ज्वाइन करने का हौसला नहीं था ? AAP नेताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक सोच है, जिसका लक्ष्य भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि परम्परागत व बेईमान राजनीति को समाप्त करके ‘काम की राजनीति’ को स्थापित करना है, जो कि बहुत कठिन मिशन है। इसे समझने वाला कभी उन्हें छोड़कर नहीं जा सकता तथा इसे न समझने वाला कभी हमारे साथ नहीं रह सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहता दंपत्ति स्वार्थी, बेईमान व गद्दार है।

प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि मेहता दंपत्ति ने अपने वार्ड के लोगों के साथ भी धोखा किया है। जनता सब देखती व जानती है और गद्दारों को कभी माफ नहीं करती। AAP नेताओं ने मेहता दंपत्ति के वार्ड के लोगों से अपील की कि ऐसे गद्दारों को सजा दें तथा उनका सामाजिक बहिष्कार भी करें। अगर वार्ड के लोगों को कोई भी काम हो तो AAP के अन्य पार्षद उनके लिए हमेशा हाजिर हैं।

प्रदर्शनकारियों में आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के पूर्व संयोजक प्रेम गर्ग, नगर निगम में वित्त एवं अनुबंध समिति की सदस्य प्रेमलता व नेता विपक्ष दमनप्रीत सिंह, अन्य पार्षद कुलदीप टीटा, सुमन शर्मा, अंजू कत्याल, पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरजिंदर बावा, शादाब राठी, कुलदीप कुक्की, देसराज, राकेश सोनी, भूषण अरोड़ा, शकील मोहम्मद, राकेश सोनी, जेजे सिंह, साहिल मेहंदीरत्ता समेत बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!