चंडीगढ़ में धारा-144 पर दोहरे मापदंड के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

CHANDIGARH: बाहर वालों के लिए छूट और चंडीगढ़ वासियों के लिए धारा-144। इन नारों के साथ आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के सेंट्रल जोन ने पार्टी नेता योगेश अरोड़ा सोनी के नेतृत्व में सेक्टर-17 में प्लाजा के सामने प्रशासन के दोहरे मापदंड़ को लेकर आज विरोध प्रदर्शन किया। इसमें लगभग 100 से ज्यादा आम आदमी पार्टी के वालंटियरों ने हिस्सा लिया और  जमकर नारेबाजी की। 

आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव प्रभारी चंद्रमुखी शर्मा भी विशेष तौर पर इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ का भाजपा शासित प्रशासन आम लोगों की आवाज को दबाने हेतु इस तरह के कार्य कर रहा है, जबकि 144 धारा की चंडीगढ़ में जरूरत नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि अगर धारा 144 लगाई दी थी तो बाहर वालों के लिए भी यह कानून लागू होना चाहिए था लेकिन ऐसा जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा, जिससे यह साफ होता है कि चंडीगढ़ प्रशासन दोहरे मापदंड में कार्य कर रहा है।

आम आदमी पार्टी के सह संयोजक और सेंट्रल जोन के इंचार्ज योगेश अरोड़ा सोनी ने कहा कि हम किसी भी सूरत में इस तरह की धक्केशाही को नहीं सहेंगे और जहां जरूरत पड़ेगी आम लोगों की खातिर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कानून को दो तरीके से लागू किया जा रहा है, जोकि सरासर गलत और असहनीय है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में इस तरह की धक्केशाही को बंद नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी इसके लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शन के लिए बाध्य हो जाएगी। इस मौके पर रोहित डोगरा, शिशुपाल, जोरा सिंह, अशोक वेनीपाल, सुरिनदर कौर, पारसनाथ, एलआर वुदानीया आदि भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!