रवनीत बिट्टू ने अपने नए आकाओं को खुश करने के लिए भाजपा की स्क्रिप्ट को पढ़ाः लक्की

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ किया कड़ा प्रदर्शन

CHANDIGARH, 17 SEPTEMBER: विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आपत्तिजनक बयानबाजी किए जाने को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज यहां सैक्टर-35 में मोदी सरकार के मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और महाराष्ट्र के विधायक के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के सामने एकत्रित हुए और सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय कमलम की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने रवनीत सिंह बिट्टू की फोटो पर काला क्रास लगाए तख्तियां हाथ में उठा रखी थीं। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले से चंडीगढ़ पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी तैनात थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े तो उन्हें चंडीगढ़ पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व नोक-झोंक हुई।

इस मौके पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि राहुल गांधी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिखी गई थी। बिट्टू ने अपने नए आकाओं को खुश करने के लिए तैयार की गई स्क्रिप्ट को पढ़ा। उन्होंने बिट्टू पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकद्दमा दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिट्टू को यह नहीं भूलना चाहिए कि आज वह जो कुछ भी हैं, वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी और अपने दादा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की बदौलत हैं, जिन्होंने देश में सांप्रदायिक और राष्ट्र विरोधी ताकतों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी। अब बिट्टू अपने दादा की विचारधारा को नकार कर खुद सांप्रदायिक ताकतों में शामिल हो गए हैं और राहुल गांधी के खिलाफ घृणित टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी ने तो उन्हें हमेशा पंजाब के नेता के रूप में पेश किया।

लक्की ने कहा कि बिट्टू का यह रवैया देखकर बहुत दुख हुआ। लक्की ने कहा कि भाजपा हाल ही में आए संसदीय चुनावों के नतीजों से काफी परेशान है, जिसमें वह 400 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रही थी और अपने दम पर साधारण बहुमत भी नहीं पा सकी। राहुल गांधी के उदय और लोकसभा में उनके विपक्ष के नेता बनने से भाजपा हिल गई है और उसका डरा हुआ नेतृत्व अब हताशा में इस तरह के बयान दिलाने के लिए नीचे गिर रहा है। लक्की ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी को निशाना बनाने की इन सभी कोशिशों को समझती है और ऐसी हरकतों के लिए भाजपा और उसके नेतृत्व को बख्शेगी नहीं। इस अवसर पर लक्की ने बिट्टू के खिलाफ एक शिकायत भी पुलिस को दी।

error: Content can\\\'t be selected!!