चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने नए प्रशासक कटारिया का किया स्वागत, व्यापारियों के मुद्दे भी उठाए

CHANDIGARH, 11 AUGUST: चंडीगढ़ के शीर्ष व्यापारी संगठन चंडीगढ़ व्यापार मंडल (CBM) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पंजाब के नए राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से पंजाब राजभवन में मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह, संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष दिवाकर साहूजा और अनिल वोहरा, महासचिव संजीव चड्ढा और बलजिंदर गुजराल शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने नए प्रशासक को फूलों का गुलदस्ता और सिरोपा भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दिवाकर साहूजा ने चंडीगढ़ व्यापार मंडल और उसके पदाधिकारियों का परिचय कराया, जबकि अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने चंडीगढ़ के व्यापारियों की ओर से स्वागत पत्र भेंट किया। चरणजीव सिंह ने प्रशासक के समक्ष चंडीगढ़ के व्यापारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए, जिनमें पुराने वैट मामलों के लिए ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू करने, कठोर और अन्यायपूर्ण बिल्डिंग बायलॉज में राहत देने, एस्टेट दफ्तर में बिल्डिंग दुरुपयोग/उल्लंघन और अन्य मामलों की लंबी कार्यवाही से छुटकारा दिलाने की मांग शामिल है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इन मुद्दों पर चर्चा करने के लिए जल्द ही चंडीगढ़ व्यापार मंडल के साथ एक विस्तृत बैठक करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!