चंडीगढ़ से बनारस के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने की मांग

अखिल भारतीय उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

CHANDIGARH, 28 JULY: अखिल भारतीय उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखकर मांग की है कि चंडीगढ़ से बनारस के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए। इस पत्र की कॉपी चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी और उत्तर प्रदेश के महेंद्रगढ़ से सांसद एसपी पटेल को भी भेजी गई है।

अखिल भारतीय उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष संजीव कुमार वर्मा ने पत्र में लिखा है कि चंडीगढ़ में पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के करीब एक लाख लोग रह रहे हैं। इनमें अधिकतर लोग रायबरेली, गौरीगंज, अमेठी, प्रतापगढ़, भदोही और बनारस के हैं। विभिन्न अवसरों पर ये लोग अपने पैतृक स्थान पर जाते रहते हैं। इस दौरान उन्हें ट्रेन में सफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश के लिए उपलब्ध अधिकतर ट्रेनें लखनऊ तक ही जाती हैं। अमेठी और प्रतापगढ़ होते हुए चंडीगढ़ से बनारस की कोई सीधी ट्रेन नहीं चलती।

संजीव कुमार वर्मा ने पत्र में स्पष्ट किया है कि 22 जून से 12 जुलाई तक एक स्पेशल ट्रेन 04211 लांच की गई थी, लेकिन अब उसे रोक दिया गया है। उन्होंने पत्र में मांग की है कि या तो 04211 ट्रेन को दोबारा शुरू किया जाए या चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली ट्रेन संख्या 12231 को बनारस तक चलाया जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!