फ्रीहोल्ड कन्वर्शन पर शहर के लोगों को गुमराह करने के लिए माफी मांगे भाजपा: कांग्रेस

भाजपा नेता इस मुद्दे पर मोदी सरकार के रुख से मार्च में ही अवगत थे, फिर भी लोकसभा चुनाव में झूठा वायदा कियाः राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 16 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं पर शहर के लोगों को लीज होल्ड की शर्तों पर आवंटित औद्योगिक और वाणिज्यिक संपत्ति को फ्री होल्ड में बदलने के मुद्दे पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए मांग की है कि भाजपा नेता इसके लिए चंडीगढ़ के लोगों से माफी मांगें।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने एक बयान में आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि भाजपा नेताओं को इस मुद्दे पर मोदी सरकार के रुख के बारे में मार्च 2024 में ही पता था, जब गृह मंत्रालय के एक अवर सचिव ने सर्वोच्च न्यायालय में चल रहे एक मामले में हलफनामा दायर किया था। कोर्ट ने तब केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि हलफनामा अतिरिक्त सचिव के पद के अधिकारी द्वारा दिया जाए, जैसा कि अब किया गया है। सरकार के इस हालिया हलफनामे को देखते हुए यह माना जा सकता है कि उसने मार्च 2024 में भी औद्योगिक और वाणिज्यिक संपत्तियों को फ़्रीहोल्ड में कन्वर्शन का विरोध किया था।

राजीव शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ के भाजपा नेताओं ने भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की इस स्पष्ट नीति के बारे में जानकारी होने के बावजूद चंडीगढ़ के लोगों को झूठे वायदे करके गुमराह करना जारी रखा और यहां तक ​​कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान जारी अपने चुनावी घोषणापत्र में भी औद्योगिक और वाणिज्यिक संपत्तियों को फ्रीहोल्ड में बदलने का वायदा शामिल किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ऐसा करके भाजपा ने जानबूझकर शहर के लोगों को गुमराह किया, ताकि उनका वोट हासिल किया जा सके। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं से आत्मनिरीक्षण करने और झूठे वायदे करने के लिए चंडीगढ़ के लोगों से माफी मांगने की मांग की है। शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस लोगों के वैध अधिकारों का पूरी ताकत से समर्थन करती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!