लीज होल्ड टू फ्रीहोल्ड पर मोदी सरकार ने चंडीगढ़ से किया विश्वासघात: कांग्रेस

इस मुद्दे पर शहर की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगीः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 15 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने चंडीगढ़ में लीज होल्ड संपत्तियों को फ्री होल्ड में बदलने के मामले में भाजपा पर विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए केंद्र की मोदी सरकार के रुख पर घोर पीड़ा एवं निराशा व्यक्त की है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि केंद्र सरकार का कुछ समय पहले लिया गया इस आशय का फैसला कि चण्डीगढ़ प्रशासन द्वारा लीज होल्ड संपत्तियों को फ्री होल्ड में बदलने के प्रस्ताव पर सहमत नहीं है, अति दुर्भाग्यपूर्ण है। मोदी सरकार का यह अवांछनीय फ़ैसला भाजपा की चण्डीगढ़ विरोधी सोच का एक जीता जागता उदाहरण है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार इस बाबत सर्वोच्च न्यायालय में पहले से चल रहे एक मामले में हलफनामा दायर कर चुकी है कि वह चंडीगढ़ में लीज होल्ड संपत्तियों को फ्री होल्ड में बदलने के प्रस्ताव पर सहमत नहीं है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने लीज होल्ड संपत्तियों को फ्री होल्ड में बदलने के मुद्दे पर मोदी सरकार द्वारा अपनाए गए रुख को चंडीगढ़ के लोगों के साथ विश्वासघात करार देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शहर में सभी औद्योगिक, वाणिज्यिक और आवासीय लीज होल्ड संपत्तियों के मालिकों के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी लीज होल्ड संपत्ति मालिकों को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और उनकी सभी जायज मांगें पूरी करवाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की सरकार ही थी, जो 1996 में चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार लीज होल्ड संपत्तियों को फ्रीहोल्ड में बदलने के प्रावधान लेकर आई थी। कांग्रेस की सरकार ने तब लीज होल्ड संपत्ति मालिकों को राहत देने के लिए संसद में यूटी के संबंधित उपनियमों में संशोधन किया था। इसके विपरीत भाजपा 2014 से इस प्रक्रिया में बाधा डाल रही है।

लक्की ने कहा कि पहले तो मोदी सरकार ने कनवर्जन की प्रक्रिया को अत्यधिक मुश्किल बना दिया और इसके शुल्क में बेतहाशा वृद्धि कर दी। अब तो हद हो गई जब मोदी सरकार ने लीज होल्ड संपत्तियों को फ्रीहोल्ड में बदलने की अवधारणा का ही विरोध कर दिया है। लक्की ने कहा कि चण्डीगढ़ की जनता को उम्मीद थी कि मोदी सरकार लीज होल्ड संपत्ति मालिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रयासों का समर्थन करेगी, लेकिन इसके उलट मोदी सरकार ने चण्डीगढ़ के साथ विश्वासघात किया है, जिसके लिए यहां की जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!