कांग्रेस की विचारधारा से ही देश सही मायनों में प्रगति कर सकता हैः मनीष तिवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भाजपा छोड़कर आए अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू का किया स्वागत

CHANDIGARH, 14 JULY: भाजपा नेता अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू आज अपने कई समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने स्थानीय सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में इन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल किया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर कांग्रेस भवन का खचाखच भरा मीटिंग हॉल पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों द्वारा लगाए गए ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा भारत के लोकाचार और देश के संविधान में निहित उच्च आदर्शों के अनुरूप है। इसलिए कांग्रेस पार्टी की विचारधारा का पालन करके ही देश सही मायनों में प्रगति कर सकता है।

इस अवसर पर अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू ने कहा कि आज कांग्रेस में शामिल होना उनके लिए घर वापसी जैसा है, क्योंकि उन्होंने कुछ मतभेदों के कारण 2022 में पार्टी छोड़ दी थी, जो अब सुलझ गए हैं। कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद इन दोनों नेताओं ने एक बार फिर चंडीगढ़ के लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए इन नेताओं को आश्वासन दिया कि पार्टी जल्द ही उन्हें महत्वपूर्ण भूमिकाएं सौंपेगी और उम्मीद जताई कि आज उनके कांग्रेस पार्टी में आने से चण्डीगढ़ शहर के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। साथ ही पार्टी नए जोश के साथ शहर के लोगों की सेवा करेगी। आज कांग्रेस में शामिल हुए अन्य नेताओं में बॉबी आनंद, कल्लू राम धनास, तेजबीर, सतीश कुमार, सचिन तलवार, भारती तलवार और गुलाब सिंह के नाम प्रमुख हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!