चंडीगढ़ में महंगे पानी पर कांग्रेस के धरने को हुए 6 दिन, रेट कम कराकर ही दम लेंगेः गाबा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की तरफ से दिए जा रहे धरने को आज छह दिन पूरे हो गए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय भजनी की अगुवाई में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता नेतराम राणा, इन्द्रजीत, विशाल, शीतल और लक्की सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मनीमाजरा स्थित नगर निगम दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे।

भाजपा शासित नगर निगम ने लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालाः जतिंदर भाटिया

इस मौके पर चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जतिन्दर भाटिया विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को माला पहनाई व जूस दिया। उन्होंने कहा कि मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस ने जनता के हित में आवाज उठाई है। कोरोना महामारी के चलते व इतनी गर्मी बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों की भलाई के लिए धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी चंडीगढ़ नगर निगम को केन्द्र सरकार से पूरी धनराशि मुहैया नहीं करवा पाई है, बल्कि इनकम बढ़ाने के लिए पानी के तीन गुना रेट बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

कांग्रेस के शासन में कभी इतने रेट नहीं बढ़ेः फतेह सिंह

इस मौके पर कांग्रेस नेता संजीव गाबा व फतेह सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासन के समय कभी भी इतने रेट नहीं बढ़े लेकिन बीजेपी शासित नगर निगम पानी के रेट बढ़ाकर लोगों के साथ धक्केशाही कर रहा है। कांग्रेस लोगों के साथ यह धक्केशाही नहीं होने देगी तथा पानी के रेट कम करवा कर ही दम लेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!