सोनू सूद के शहर में सुबह-सुबह हुई ऐसी घटना कि दिल्ली तक मचा हड़कंप, खुफिया एजैंसियों में अफरा-तफरी, जानिए क्या है मामला

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले डीसी ऑफिस की छत पर फहराया दिया गया खालिस्तानी झंडा

तिरंगे झंडे को रस्सी काटकर साथ ले गए खालिस्तान समर्थक, पुलिस-प्रशासन और खुफिया एजैंसियों में हड़कंप

CHANDIGARH: गरीब, अनाथ और तमाम जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आकर भारत के भीतर से लेकर सरहद पार तक लोगों के दिलों पर छाए भारतीयता और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहने वाले अभिनेता सोनू सूद के पैतृक शहर मोगा (पंजाब) में आज एक देश विरोधी घटना ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा दिया। मोगा के उपायुक्त (डी.सी.) कार्यालय की छत पर शुक्रवार को खालिस्तान समर्थकों ने खालिस्तानी झंडा फहरा दिया और तिरंगे को रस्सी काटकर अपने साथ ले गए। देश के स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हुई इस गंभीर घटना को लेकर पंजाब सरकार व राज्य की खुफिया एजैंसियों में अफरा-तफरी मच गई है। यह स्थिति तब है जब राष्ट्र विरोधी संगठनों ने 15 दिन पहले ही ऐसी कार्रवाई की चेतावनी दे दी थी लेकिन प्रशासन की नींद अब खुली है।

पहले परिसर में लहराया खालिस्तानी झंडा, फिर छत पर चढ़ गए खालिस्तान समर्थक
मोगा के डिप्टी कमिश्नर दफ्तर की चौथी मंजिल पर हमेशा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराता रहता है। यह जिले की सर्वोच्च सरकारी इमारत है। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 7 बजे यहां देखा गया कि तिरंगा झंडा गायब था और खालिस्तान का झंडा लहरा रहा था। बताया जाता है कि इस दफ्तर परिसर में पंजाब पुलिस के तीन एएसआई सुरक्षा के लिए तैनात थे लेकिन इस घटना के समय एक ही एएसआई मौके पर था। इस दौरान डीसी दफ्तर परिसर में दो युवक आए और डीसी दफ्तर के बाहर खालिस्तान का झंडा लहराने लगे। इसके बाद ये युवक डीसी दफ्तर की छत पर चढ़ गए और चौथी मंजिल पर लहरा रहे भारत की आन-बान-शान तिरंगे झंडे को रस्सी काटकर अपने साथ ले गए, जबकि इसके स्थान पर खालिस्तानी झंडा फहरा गए। इसकी जानकारी जब पुलिस-प्रशासन को मिली तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए और तुरंत खालिस्तानी झंडे को उतारकर पुन: नया तिरंगा झंडा फहरा दिया।

खालिस्तानी आतंकी का ऑडियो हुआ था वायरल
गौरतलब है कि सीमा पार से भारत में खालिस्तानी गतिविधियों को अंजाम देने की लगातार कोशिश कर रहे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पिछले दिनों अपना एक वीडियो वायरल किया था। इसमें उसने कहा था कि 15 अगस्त को लोग अपने घरों पर खालिस्तानी झंडा फहराएं तो उनको 25 हजार अमेरिकन डॉलर दिए जाएंगे। बता दें कि खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार ने थोड़े ही दिन पहले ब्लैक लिस्ट किया है।

error: Content can\\\'t be selected!!