‘अटल जी ने जो दीप जलाया, उसे न बुझने देंगे हम, उस बाती की पुंज प्रकाश से जगमग जग कर देंगे हम’

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने दूसरी पुण्यतिथि पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

CHANDIGARH: ‘अटल जी ने जो दीप जलाया, उसे न बुझने देंगे हम, उस बाती की पुंज प्रकाश से जगमग जग कर देंगे हम।’ ये पंक्तियां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चंडीगढ़ के प्रभारी प्रभात झा ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित वर्चुअल प्रार्थना सभा के दौरान कही। इस वर्चुअल प्रार्थना सभा में पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार, सांसद किरण खेर, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संजय टंडन, महामंत्री रामबीर भट्टी, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन सहित पार्टी के जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

वरिष्ठ भाजपा नेता देसराज टंडन को पहले अटल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद व प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश कुमार।

भाजपा ने देसराज टंडन को पहला अटल रत्न पुरस्कार दिया

इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके संगठन के प्रति किए गए सराहनीय कार्यों के प्रति सम्मानित करने हेतु भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा अटल रत्न पुरस्कार की भी शुरुआत की गई। हर साल अटल जी की पुण्य तिथि पर एक वरिष्ठ नेता को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पार्टी ने वरिष्ठ नेता देसराज टंडन को पहला अटल रत्न पुरस्कार दिया। देसराज टंडन वर्ष 1967 से लगातार पार्टी की सेवा में लगे हुए हैं।

कार्यकर्ता का महत्व बताया था अटल जी ने

प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए प्रभात झा ने कहा कि आज देश के जन-जन के मन में अपनी ओज और तेजपूर्ण वाणी से एक अमिट छाप छोड़ने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी सिद्धांत, विचार एवं व्यवहार, सरल आचरण वाले जमीन से जुड़े महान नेता थे। उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी देश के हर दल के राजनेताओं और कार्यकर्ताओं के मन में अपना विशिष्ट स्थान बनाया था। अटल जी मूल में बड़े नेता होते हुए भी पार्टी के भीतर एक कार्यकर्ता के रूप में ही थे। उनका मानना था कि हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जो नेता हैं, वह भी कार्यकर्ता हैं। संगठन में विशेष जिम्मेदारी दिए जाने के कारण वह नेता के रूप में जाने जाते हैं, लेकिन उनका आधार है उनका कार्यकर्ता होना। जो आज विधायक, हैं, वह कल शायद विधायक नहीं रहें, सांसद भी सदैव नहीं रहेंगे, कुछ लोगों को पार्टी बदल देती है, कुछ को लोग बदल देते हैं, लेकिन कार्यकर्ता का पद ऐसा है जो बदला नहीं जा सकता। कार्यकर्ता होने का हमारा अधिकार छीना नहीं जा सकता। हमारा यह अधिकार अर्जित किया हुआ अधिकार है, निष्ठा और परिश्रम से हम उसे प्राप्त कर सकते हैं । पार्टी के संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्य का विभाजन होता है। अलग अलग दायित्व होते हैं हमारे यहां लोकतंत्र विद्यमान है। कोई भी व्यक्ति विशेष लगातार किसी एक जिम्मेदारी पर नहीं रहता। हमारे यहां संगठन के विस्तार के लिए नए लोगों को आगे लाया जाता है। समाज के सभी वर्गों से और देश के सभी क्षेत्रों से लोग पार्टी में अधिकाधिक शामिल हों, ये हमारा प्रयास होता है। यह सब पार्टी के अनुशासन और मर्यादा के अंतर्गत होना चाहिए।

अटल जी ने कभी अपने आदर्श और सिद्धांतों की राह को नहीं छोड़ा

प्रभात झा ने कहा कि यही बात आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा करते हैं। उनका भी कहना है कि हम चाहे जितने भी बड़े नेता हों पर हमें मूल में कार्यकर्ता भाव से सदैव जुड़े रहना चाहिए। प्रभात झा ने अटल जी के राजनीतिक घटनाक्रमों की बातों को स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी राष्ट्र को प्रथम, दल को दिवितीय और स्वयं को अंतिम स्थान देते थे, वे कहा करते थे कि हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता राष्ट्र हित के दार्शनिक और चिन्तन विचारधारा के प्रखर हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी या फिर हम बात करें पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की, उनके द्वारा दर्शाए गए आदर्शों, सिद्धांतों पर चल कर ही हम एक आदर्श कोटि के कार्यकर्ता बन सकते हैं। अटल जी ने कभी भी अपने आदर्श और सिद्धांतों की राह को नहीं छोड़ा और उसी पर चलते हुए उन्होंने हम सभी के भीतर एक अमिट छाप छोड़ी ।

प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद।

ऐसे महान नेताओं के जीवन से कुछ न कुछ अपने जीवन में धारण करना चाहिएः अरुण सूद

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि यदि हम सभी कार्यकर्ता श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन का मात्र एक प्रतिशत विचार भी अपने मन में धार लें तो ये हमारे लिए अमूल्य वरदान के समान होगा। हम सभी को सदी के ऐसे महान नेताओं के जीवन से कुछ न कुछ अपने जीवन में धारण करना चाहिए, ताकि हम भी उनकी भांति अपने जीवन में उसी प्रकार से कार्य कर सकें और एक उच्च राष्ट्र का निर्माण करने में सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे महान लोगों के जीवन को जानने के लिए पार्टी ने प्रदेश कार्यालय में लाइब्रेरी का निर्माण भी किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे यहां महान पुरुषों के जीवन से जुडी बातों को पढ़ें और अपने जीवन में धारण करें। इस अवसर पर पार्टी के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ने भी अटल जी के जीवन से जुडी घटनाओं को स्मरण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलने की बात कही। स्थानीय सांसद किरण खेर ने भी वाजपेयी जी की बातों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आदर्शों से भरा था।

error: Content can\\\'t be selected!!