फरवरी में मेयर चुनाव कराने की मांग AAP और कांग्रेस की सत्ता लोलुपता: देवशाली

डीसी से किया आग्रह- मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जनवरी में ही कराया जाए

CHANDIGARH, 3 JANUARY: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस द्वारा मेयर का चुनाव फरवरी माह में कराए जाने की मांग को हास्यास्पद बताते हुए कहा है कि इससे इन दोनों पार्टियों की सत्ता लोलुपता प्रदर्शित होती है।

देवशाली ने एक बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम एक्ट के विरुद्ध चुनाव चाहते हैं, जबकि एक्ट के अनुसार वर्ष के प्रथम माह में ही मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव होना चाहिए।

देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन का महापौर का विगत वर्ष का कार्यकाल ‘सर्वाधिक निष्क्रिय’ कार्यकाल के रूप में चण्डीगढ़वासियों द्वारा याद किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनावों में अपने घोषणा पत्र में मुफ्त पानी का वायदा किया था लेकिन एक वर्ष का कार्यकाल बीत जाने के बावजूद मुफ्त पानी तो क्या समुचित मात्रा में चंडीगढ़ के निवासियों को पीने का पानी उपलब्ध करवाने में भी असमर्थ रहे हैं। बीते वर्ष शहर के विभिन्न भागों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते रहे और AAP-कांग्रेस गठबंधन के नेता ‘नीरो’ की भांति सत्ता की बांसुरी बजाते रहे। आज जब महापौर से शहर की जनता बीते वर्ष का लेखा-जोखा मांग रही है तो अपनी खिसियाहट छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता चुनाव फरवरी में करवाने की मांग उठा रहे हैं।

उन्होंने AAP-कांग्रेस गठबंधन के संयुक्त लोकसभा प्रत्याशी मनीष तिवारी द्वारा भी अपने घोषणापत्र में किए गए प्रत्येक परिवार की महिलाओं को 8500 रूपए प्रति माह देने के वायदे से मुकरने का भी आरोप लगाते हुए उन्हें शीघ्र यह राशि महिलाओं के खातों में जमा करवाने को कहा। देवशाली ने उपायुक्त चंडीगढ़ से आग्रह किया है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नगर निगम एक्ट के विरुद्ध की जा रही मांग को दरकिनार करते हुए जनवरी में ही शीघ्र मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव करवाया जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!